featured

भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का समापन आज जालंधर में

जालंधर, 30 सितम्बर (शंकर राजा)- भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से 18 सितंबर को शुरू की गई ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का समापन आज जालंधर में होगा और समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। भाजपा के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी और कहा कि अमित शाह जी. टी. रोड परागपुर गांव में एक महारैली को संबोधित करेंगे।

‘भाजपा का नारा, नशा खत्म करना है सारा’ के नारे के साथ शुरू की गई ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के प्रभारी राजेश बाघा ने मंगलवार को बताया कि पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब, तलवंडी साबो और फाजिल्का से शुरू हुई चार यात्राओं ने पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया है और 4,000 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए मंगलवार को जालंधर पहुंची हैं।

बाघा ने कहा कि समापन पर आयोजित महारैली के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं, जिसमें शाह शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह पंजाब में भाजपा के इतिहास की सबसे बड़ी रैली होगी। रैली स्थल पर 23 सितंबर को ‘हवन’ के साथ तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू की गई थीं। अब वे पूरी हो चुकी हैं। यह रैली जालंधर शहर के बाहरी इलाके में अमृतसर-दिल्ली हाईवे पर स्थित परागपुर गांव में आयोजित की जाएगी।

बाघा के अनुसार, रैली के लिए 60 एकड़ जमीन पर इंतजाम किए गए हैं। लगभग 45 एकड़ में एक ‘पंडाल’ लगाया गया है, जबकि 15 एकड़ जमीन पार्किंग के लिए आरक्षित की गई है। पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से ‘नशा-मुक्त पंजाब यात्रा’ में शामिल होने वाले पार्टी कार्यकर्ता रैली में हिस्सा लेंगे। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के मद्देनजर 2,000 से अधिक बसों का इंतजाम किया गया है।